निरीक्षण में मिली गंभीर लापरवाही, बड़कागांव समिति प्रबंधक निलंबित।
बलरामपुर…
कलेक्टर के निरीक्षण में रासायनिक खाद के ऑनलाइन स्टॉक और भौतिक सत्यापन में गंभीर अंतर पाए जाने के बाद आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित बड़कागांव के तत्कालीन समिति प्रबंधक भागवत प्रसाद गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर ने 28 जुलाई 2026 को बड़कागांव सहकारी समिति का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन स्टॉक और समिति में उपलब्ध वास्तविक खाद की मात्रा में अंतर पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि जून माह में समिति में 560 बोरी यूरिया की आवक हुई थी, लेकिन उसका स्टॉक पंजी में कोई इंद्राज नहीं किया गया।
भौतिक सत्यापन के दौरान किसानों ने भी शिकायत की कि बार-बार समिति का चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें समय पर रासायनिक खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी, जिससे खेती के कार्य प्रभावित हो रहे थे।
रासायनिक खाद वितरण, स्टॉक रखरखाव और अभिलेख संधारण में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित बड़कागांव के प्राधिकृत अधिकारी ने तत्कालीन समिति प्रबंधक भागवत प्रसाद गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।