Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय हाथी दांत तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार।

बलरामपुर/ रामानुजगंज….

वन विभाग, वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (मध्य क्षेत्र भोपाल) और राज्य उड़नदस्ता दल रायपुर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हाथी दांत (जबड़ा) तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन नग हाथी दांत (जबड़ा) बरामद किए गए हैं।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 3 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामानुजगंज के कन्हर नदी किनारे स्थित आमंत्रण धर्मशाला के कमरा नंबर 205 में हाथी दांत की अवैध तस्करी के उद्देश्य से एक संदिग्ध व्यक्ति ठहरा हुआ है। सूचना पर तत्काल संयुक्त टीम ने धर्मशाला में छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक बैग से तीन नग हाथी दांत (जबड़ा) बरामद किए गए तथा मौके से तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के पलामू जिले के निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा (42 वर्ष) तथा बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के अजय कुमार गुप्ता (49 वर्ष) एवं सतेंद्र कुमार रजक (50 वर्ष) शामिल हैं। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर वन्य प्राणी (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 48(क), 50, 51 एवं 52 के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, रामानुजगंज के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वन विभाग ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *