Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

सरस्वती साइकिल योजना से बेटियों की शिक्षा को मिली रफ्तार, जनकपुर व रघुनाथनगर की 154 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल, क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते रहीं शामिल।

जनकपुर/रघुनाथनगर/बलरामपुर…

शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जनकपुर एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रघुनाथनगर में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। दोनों विद्यालयों की पात्र छात्राओं को विधायक द्वारा निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। जनकपुर में 84 तथा रघुनाथनगर में 70 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। इस तरह कुल 154 छात्राएं योजना से लाभान्वित हुईं।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के पहुंचने पर छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक साइकिल प्राप्त की और शासन की इस योजना के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।

*मेहनत और लगन से पढ़ाई कर टॉप टेन में स्थान बनाने का आह्वान*

क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन और लगन बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति गंभीर रहने तथा निरंतर प्रयास करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को कड़ी मेहनत कर जिले और प्रदेश में अपनी पहचान बनानी चाहिए तथा टॉप टेन में स्थान बनाने का लक्ष्य लेकर पढ़ाई करनी चाहिए।

उन्होंने अपने जीवन से जुड़े अनुभवों और बीती बातों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। विधायक की बातों से छात्र-छात्राएं काफी प्रभावित हुए और उन्होंने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

*दूर-दराज से आने वाली छात्राओं को मिलेगी सुविधा*

विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्याम किशोर जायसवाल ने सरस्वती साइकिल योजना को बालिकाओं की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि योजना का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ना, विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली छात्राओं के लिए साइकिल बेहद उपयोगी साबित होगी। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में लगने वाला समय और श्रम दोनों कम होंगे तथा वे समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगी। इससे उनकी नियमित उपस्थिति में भी सुधार होगा और पढ़ाई के लिए उन्हें अधिक समय मिल सकेगा।

*जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं समिति के सदस्य रहे मौजूद*

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष एवं सदस्य, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सरस्वती साइकिल योजना के माध्यम से शासन द्वारा बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी विद्यालय तक पहुंच आसान बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को कार्यक्रम में रेखांकित किया गया। साइकिल मिलने से छात्राओं में भी पढ़ाई को लेकर उत्साह बढ़ा और उन्होंने नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *