Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

पीवीटीजी-पंडो परिवारों की चौखट पर पहुंची स्वास्थ्य टीम, विश्व आदिवासी दिवस पर सार्वभौमिक स्वास्थ्य जांच अभियान का शुभारंभ, एमएमयू से दूरस्थ क्षेत्रों में भी पहुंचेगी स्वास्थ्य सुविधा।

बलरामपुर…

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिले में पीवीटीजी एवं पंडो समुदाय के परिवारों को बेहतर, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वस्थ छत्तीसगढ़ सार्वभौमिक स्वास्थ्य जांच अभियान का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रत्येक पात्र पीवीटीजी एवं पंडो परिवार तक पहुंचकर घर-घर स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग करेंगी।

अभियान के प्रथम चरण में बलरामपुर विकासखंड के ग्राम चिलमा खुर्द, सेक्टर पस्ता, राजपुर के अकोराखुर्द, शंकरगढ़ के डुमरपाट तथा कुसमी के कछवा सहित विभिन्न पीवीटीजी क्षेत्रों में पीएम जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट एवं स्वास्थ्य दल ने घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच की शुरुआत की।

*घर के द्वार पर मिल रही स्वास्थ्य सुविधा*

स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला एवं मोबाइल मेडिकल यूनिट सीधे पीवीटीजी एवं पंडो परिवारों तक पहुंच रहा है। स्वास्थ्य दल द्वारा परिवार के प्रत्येक सदस्य की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेने के साथ आवश्यकतानुसार जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले उन परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें स्वास्थ्य संस्थाओं तक पहुंचने में कठिनाई होती है।

ग्राम चिलमा खुर्द में अभियान के शुभारंभ अवसर पर पंचायत सरपंच, एएनएम, विकासखंड समन्वयक, मितानिन एवं स्वास्थ्य दल की उपस्थिति में पीवीटीजी परिवारों की स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच एवं समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया।

*बीमारी की समय पर पहचान, गंभीर मामलों का होगा रेफरल*

सार्वभौमिक स्वास्थ्य जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य पीवीटीजी एवं पंडो परिवारों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है। स्क्रीनिंग के दौरान गंभीर अथवा संदिग्ध बीमारी के लक्षण पाए जाने पर मरीज को उच्च स्वास्थ्य संस्था में आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए रेफर किया जाएगा।

इससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान के साथ जरूरतमंद मरीजों को उचित स्वास्थ्य संस्था तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

*मोबाइल मेडिकल यूनिट बनेगी स्वास्थ्य सेवाओं की कड़ी*

जिले के कई पीवीटीजी एवं पंडो परिवार दूरस्थ वनांचल एवं दुर्गम क्षेत्रों में निवास करते हैं। ऐसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पीएम जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट को अभियान से जोड़ा गया है। मोबाइल मेडिकल यूनिट निर्धारित ग्रामों एवं बसाहटों में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी।

मोबाइल एप से होगी रियल-टाइम निगरानी

अभियान में डिजिटल मॉनिटरिंग एवं रियल-टाइम रिपोर्टिंग की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर की गई स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग की जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज की जाएगी। इससे कितने परिवारों की स्क्रीनिंग पूरी हुई, कितने लोगों को उपचार की आवश्यकता है तथा किन हितग्राहियों को फॉलोअप की जरूरत है, इसकी जानकारी तत्काल उपलब्ध हो सकेगी।

*हर पात्र परिवार तक पहुंचने का लक्ष्य*

सीएमएचओ डॉ. विजय कुमार सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले को पीवीटीजी एवं पंडो समुदाय के प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। गंभीर अथवा संदिग्ध मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए उच्च स्वास्थ्य संस्थाओं में रेफरल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *