Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

बैगलेस डे पर किताबों से जुड़े बच्चे, 20 मिनट वाचन से निखरेगी सीखने की क्षमता।

शंकरगढ़ के सभी विद्यालयों में आयोजित हुई विशेष पुस्तक वाचन गतिविधि, मिशन आचार्य के तहत बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने की पहल।

बलरामपुर…..

बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने, उनकी समझ एवं अभिव्यक्ति क्षमता को बेहतर बनाने तथा विद्यालयों में सीखने का सकारात्मक वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से मिशन आचार्य के तहत विशेष पहल की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विकासखंड शंकरगढ़ के समस्त विद्यालयों में शनिवार को ‘बैगलेस डे पढ़े बलरामपुर’ के तहत 20 मिनट की विशेष पुस्तक वाचन गतिविधि आयोजित की गई।

इस दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय के पुस्तकालयों में उपलब्ध अपनी रुचि एवं आयु के अनुरूप कहानियां, कविताएं, जीवनियां और ज्ञानवर्धक पुस्तकें पढ़ीं। वाचन के बाद बच्चों को पढ़ी गई कहानी अथवा पुस्तक की विषयवस्तु को समझने तथा अपने विचार साझा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया

मिशन आचार्य का उद्देश्य बच्चों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय उन्हें पढ़ने, समझने, सोचने और अपने विचारों को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने के लिए प्रेरित करना है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों के पुस्तकालयों को अधिक उपयोगी एवं आकर्षक बनाने तथा विद्यार्थियों को नियमित पुस्तक वाचन से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

भाषा कौशल और आत्मविश्वास होगा विकसित

नियमित रूप से 20 मिनट पुस्तक वाचन से बच्चों में भाषा कौशल, शब्द भंडार, एकाग्रता, कल्पनाशक्ति और आत्मविश्वास विकसित होने में मदद मिलेगी। साथ ही, पढ़ने और समझने की क्षमता में भी सुधार होगा।

मिशन आचार्य के तहत पुस्तक वाचन को केवल एक दिन की गतिविधि तक सीमित न रखते हुए इसे बच्चों की नियमित सीखने की आदत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यालयों में पढ़ने, समझने और सीखने की संस्कृति विकसित करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *