Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

जंगली हाथी ने ग्रामीण को दौड़ाया, नाले में गिरकर घायल, रघुनाथनगर वन परिक्षेत्र में देर रात की घटना।

वन विभाग द्वारा वाड्रफनगर अस्पताल में कराया गया उपचार, बेहतर ईलाज के लिए अम्बिकापुर भेजा गया।

रघुनाथनगर/बलरामपुर। 

रघुनाथनगर वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों की मौजूदगी के बीच एक ग्रामीण हाथी से बचने के दौरान नाले में गिरकर घायल हो गया। घटना देर रात तकरीबन 2 बजे ग्राम जौराही में हुई। घायल ग्रामीण को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल वाड्रफनगर भेजा गया है।

वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक वाड्रफनगर की ओर से दो जंगली हाथियों का दल क्षेत्र में पहुंचा था। दोनों हाथी अलग-अलग होकर विचरण कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम जौराही निवासी धनुकधारी यादव (70), पिता गणेश यादव, अपने बथान में मवेशियों के साथ मौजूद थे।

रात करीब 2 बजे एक जंगली हाथी ने धनुकधारी को दौड़ा दिया। हाथी से बचने के प्रयास में वे पास स्थित गड्ढे/नाले में गिर गए, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की मदद से उन्हें उपचार के लिए शासकीय चिकित्सालय वाड्रफनगर भेजा गया। इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।

*3000 रुपये की सहायता राशि दी गई*

फॉरेस्ट एसडीओ प्रेमचंद मिश्रा ने बताया कि घायल ग्रामीण को तत्काल सहायता के तौर पर 3000 रुपये की राशि प्रदान की गई है। घटना का प्रतिवेदन तैयार कर आवश्यक कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया है।

वन विभाग ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा रात के समय जंगल और बथान की ओर जाने से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *