Skip to main content

BalrampurChhattisgarh

नौकरी लगाने के नाम पर 2लाख 2हजार की ठगी, आरोपी युवक गिरफ्तार, फर्जी नियुक्ति पत्र भेजकर युवक ने की धोखाधड़ी।

बलरामपुर। 

नौकरी लगाने के नाम पर युवक से 2 लाख 2 हजार रुपये की कथित ठगी करने के मामले में चलगली पुलिस ने 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर पीड़ित से नगद और ऑनलाइन माध्यम से रकम लेने के बाद फर्जी नियुक्ति पत्र भी भेजा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विवो कंपनी का मोबाइल जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रामऔतार पिता संजीवन राम, उम्र 29 वर्ष, निवासी थाना चलगली ने 10 सितंबर 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके रिश्ते का भांजा आशीष सिंह पिता रामदिल, निवासी सरस्वतीपुर, चौकी रनहत, थाना चलगली ने ऑनलाइन नौकरी लगवाने की बात कही थी। आरोपी द्वारा दस्तावेज लेने के साथ अलग-अलग तिथियों में नगद एवं ऑनलाइन माध्यम से रकम ली गई।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी को 10 जनवरी 2025 को 25 हजार, 11 जनवरी को 25 हजार, 13 जनवरी को 10 हजार तथा अन्य माध्यम से 20 हजार दिए गए। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सऐप के माध्यम से फर्जी नियुक्ति पत्र भेजा और नोडल अधिकारी के नाम पर भी रकम की मांग की। 21 जनवरी को 7 हजार तथा 3 फरवरी को 15 हजार ऑनलाइन दिए गए। वहीं 10 फरवरी को आरोपी के घर जाकर 50 हजार नगद देने की बात शिकायत में कही गई है। इस तरह कुल 2 लाख 2 हजार रुपये दिए गए।

पीड़ित के अनुसार, रकम लेने के बाद भी आरोपी ने नौकरी नहीं लगवाई और पैसा वापस मांगने पर आज-कल देने की बात कहकर टालता रहा। बाद में फोन उठाना बंद कर दिया और घर जाने पर भी फरार हो जाता था।

मामले की जांच के दौरान आरोपी आशीष पिता रामदिल, उम्र 21 वर्ष, निवासी सरस्वतीपुर, चौकी रनहत, थाना चलगली को पुलिस ने 19 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी द्वारा पेश किए गए विवो कंपनी के मोबाइल को पुलिस ने जब्ती पत्रक के माध्यम से जब्त किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम: थाना प्रभारी कुमार चंदन सिंह, प्रधान आरक्षक विष्णुकांत मिश्रा, साइबर आरक्षक आकाश तिवारी एवं महिला आरक्षक विनीता यादव शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *