Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocalWadrafnagar

आंगनबाड़ी केंद्र में गूंजी बच्चों की खिलखिलाहट, विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने नन्हे-मुन्नों से किया आत्मीय संवाद। सेवा संकल्प अभियान के तहत हुआ ‘आंगन मिलन कार्यक्रम’, पोषण-स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

वाड्रफनगर/बलरामपुर। 

सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पंचायत वाड्रफनगर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान वाड्रफनगर मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार द्विवेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच समय बिताया और उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों की गतिविधियों को करीब से देखा तथा उनके साथ सहज माहौल में बातचीत कर उनकी जरूरतों को समझने का प्रयास किया।

विधायक ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा संबंधी सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ और सुरक्षित बचपन ही मजबूत समाज की नींव है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं माताओं तक पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। इन केंद्रों की भूमिका बच्चों के सर्वांगीण विकास में बेहद अहम है।

विधायक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर तक पहुंचकर जरूरतमंदों की सेवा करना है। बच्चों के बीच समय बिताकर उनकी आवश्यकताओं को समझना और उनके बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य के लिए प्रयास करना समाज के प्रत्येक वर्ग की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी बच्चों के साथ समय बिताया और आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों की जानकारी ली। ‘आंगन मिलन कार्यक्रम’ के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के प्रति सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *