यात्री बसों का किराया बढ़ा, साधारण बस में पहले 5 किलोमीटर के लिए देने होंगे 10 रुपये।
डीलक्स और एसी बसों के किराए में भी हुई वृद्धि, नई दरें छत्तीसगढ़ राजपत्र में अधिसूचना जारी होने के बाद से प्रभावशील।
बलरामपुर
छत्तीसगढ़ में यात्री बसों से सफर करना अब महंगा हो गया है। राज्य शासन के परिवहन विभाग ने यात्री बसों के किराए में वृद्धि करते हुए नई दरें निर्धारित की हैं। इसके तहत साधारण बस में पहले 5 किलोमीटर की यात्रा के लिए प्रति यात्री 10 रुपये किराया देना होगा, जबकि इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए 1.75 रुपये की दर से किराया लगेगा। वहीं, डीलक्स और वातानुकूलित बस सेवाओं के लिए भी नई किराया दरें लागू की गई हैं। जिला परिवहन अधिकारी, बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग की अधिसूचना 8 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ राजपत्र (असाधारण) में प्रकाशित की गई है। मोटर यान अधिनियम, 1988 की धारा 67(1) के तहत जारी यह अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशन की तिथि से प्रभावशील हो गई है। नई अधिसूचना ने 11 मार्च 2025 को जारी पूर्व अधिसूचना का स्थान लिया है। ये दरें नगर सेवाओं को छोड़कर अन्य प्रक्रम वाहनों पर लागू होंगी।
*साधारण बस का किराया 10 रुपये से शुरू*
नई दरों के अनुसार, साधारण बस सेवा में प्रथम 5 किलोमीटर के लिए प्रति यात्री 10 रुपये तथा इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए 1.75 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। साधारण रात्रिकालीन बस सेवा में सामान्य दर से 10 प्रतिशत अधिक किराया देना होगा।
*डीलक्स बसों के लिए नई दरें*
डीलक्स बस सेवा, डीलक्स रात्रिकालीन सेवा तथा बिना वातानुकूलन वाली डीलक्स शयनयान एवं अर्द्ध-शयनयान कोच सेवा में प्रथम 5 किलोमीटर के लिए प्रति यात्री 12 रुपये किराया लगेगा। इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए 2.20 रुपये की दर से किराया लिया जाएगा।
*एसी डीलक्स शयनयान बस में 3.20 रुपये प्रति किलोमीटर*
वातानुकूलित डीलक्स शयनयान एवं अर्द्ध-शयनयान कोच सेवा के लिए प्रथम 5 किलोमीटर का किराया प्रति यात्री 12 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए सीट और बर्थ, दोनों श्रेणियों में प्रति यात्री 3.20 रुपये किराया देय होगा।
राज्य शासन द्वारा निर्धारित नई दरों के लागू होने से बस यात्रियों को अब अपनी यात्रा के लिए बढ़ी हुई दरों के अनुसार किराया देना होगा। जिला परिवहन अधिकारी ने नई दरों की जानकारी आम जनता के लिए जारी की है।