Skip to main content

BalrampurLocal

कुसमी में दो बड़ी चोरियों का खुलासा, 25 लाख के जेवर व दो स्कूटी बरामद।

बलरामपुर…

कुसमी नगर में लगातार हुई दो चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक और उसके सहयोगी सुरेंद्र नगेशिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो स्कूटी तथा सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार पहला मामला 19-20 जून 2026 की दरमियानी रात का है। तिवारी कॉलोनी निवासी तसिया एक्का के किराये के मकान की खिड़की की जाली उखाड़कर चोर ने घर के अंदर रखी स्कूटी की चाबी निकाली और परिसर में खड़ी टीवीएस जुपिटर सीजी 14 एमक्यू 0463 चोरी कर ली थी।

दूसरी घटना 1-2 जुलाई 2026 की रात वार्ड क्रमांक 4, जशपुर रोड कुसमी में हुई। चोर ने चंदन गुप्ता के घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, एप्पल मोबाइल तथा घर के बाहर खड़ी टीवीएस जुपिटर स्कूटी चोरी कर फरार हो गया।

लगातार हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में एसडीओपी कुसमी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक और चोरी का सामान छिपाने में सहयोगी सुरेंद्र नगेशिया को अंबिकापुर से हिरासत में लिया।

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी गई दो स्कूटी और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना कुसमी एवं सामरी के पुलिस स्टाफ, जिनमें सहायक उप निरीक्षक दीपक बड़ा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक निरेंद्र भंडारी, जयश्री वर्मा, प्रधान आरक्षक विकास कुजूर, संजय साहू तथा आरक्षक मनोज लकड़ा, धीरेंद्र चंदेल और विकास भगत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *