डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी।
वर्षा ऋतु में बरतें सावधानी, लक्षण दिखते ही तत्काल लें चिकित्सकीय परामर्श।
बलरामपुर…
वर्षा ऋतु के दौरान डेंगू की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घर और आसपास साफ पानी जमा नहीं होने देने तथा नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि डेंगू एडीज मच्छर के काटने से फैलने वाला वायरल रोग है। यह मच्छर दिन के समय अधिक सक्रिय रहता है और घरों के आसपास जमा साफ पानी में पनपता है। उन्होंने कहा कि कूलर, गमले, टायर, ड्रम, बाल्टी तथा अन्य पात्रों में पानी जमा न होने दें। सप्ताह में एक दिन ‘ड्राई डे’ मनाकर कूलर व पानी के बर्तनों को खाली कर साफ करें तथा पानी की टंकियों को हमेशा ढककर रखें।
उन्होंने बताया कि डेंगू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, शरीर और जोड़ों में दर्द, कमजोरी, त्वचा पर चकत्ते तथा गंभीर मामलों में नाक या मसूड़ों से खून आना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लें। बिना डॉक्टर की सलाह के एस्पिरिन या आइबुप्रोफेन जैसी दवाओं का सेवन न करें।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से पूरी बांह के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का उपयोग करने तथा घर एवं आसपास मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने की अपील की है। सीएमएचओ ने जिलेवासियों से सतर्क रहकर डेंगू मुक्त बलरामपुर अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया।