भेलवाडीह में वन महोत्सव: मंत्री रामविचार नेताम ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
बलरामपुर…
वनमंडल बलरामपुर द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत प्रयास आवासीय विद्यालय भेलवाडीह में वन महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के आदिम जाति विकास, कृषि एवं कृषक कल्याण, मछली पालन एवं पशुपालन मंत्री रामविचार नेताम ने रुद्राक्ष का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मंत्री नेताम ने कहा कि वन महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन के कारण पर्यावरण पर संकट बढ़ा है, ऐसे में अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने विद्यार्थियों से भी जीवन में अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा प्रत्येक छात्र द्वारा कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने की अपील की।
जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज ने कहा कि वृक्षारोपण से आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य सुनिश्चित होगा। वहीं कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने प्रत्येक व्यक्ति से अपने नाम तथा अपनी बेटी के नाम एक-एक पौधा लगाने की अपील करते हुए कहा कि पेड़ों का संरक्षण हम सभी का दायित्व है।
वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी ने बताया कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान अब जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि वन भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम भविष्य में जिले की हरित पहचान के रूप में दिखाई देंगे।
ग्रीन एटीएम से मिला निःशुल्क पौधा

कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के ग्रीन एटीएम के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे निःशुल्क वितरित किए गए। मंत्री रामविचार नेताम ने स्वयं ग्रीन एटीएम से पौधा प्राप्त कर लोगों को पौधारोपण और उसके संरक्षण का संदेश दिया। नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पौधे लेकर उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज, रेडक्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य कृष्णा गुप्ता, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।