Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

उर्वरक बिक्री में अनियमितता पर प्रशासन सख्त, 5 दुकानों की बिक्री पर रोक।

एक दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई, अधिक कीमत पर खाद बेचने पर नोटिस जारी।

बलरामपुर…

किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में कृषि विभाग एवं प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा जिले के विभिन्न उर्वरक विक्रेताओं की जांच की जा रही है। जांच के दौरान विकासखंड वाड्रफनगर एवं बलरामपुर में खाद बिक्री में अनियमितता पाए जाने पर 5 दुकानों के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं एक दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर खाद बेचने के मामले में एक दुकान संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

कृषि विभाग के अनुसार वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम पंडरी स्थित सुरेन्द्र खाद भंडार के खिलाफ खाद बिक्री में अनियमितता की शिकायत मिलने पर संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

इसी तरह जायसवाल फर्टिलाइजर्स, वाड्रफनगर की जांच शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि जिस उर्वरक का निर्धारित मूल्य 532 रुपये था, उसके बदले उससे 600 रुपये वसूले गए। जांच दल ने दुकान के बिलों की जांच की और शिकायतकर्ता तथा दुकान संचालक दोनों के बयान दर्ज किए। प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर कृषि विभाग ने मौके पर ही दुकान संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने या उर्वरक विक्रय में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *