जागरूक होंगे बच्चे, सुरक्षित होगा भविष्य,
रामचंद्रपुर के स्वामी आत्मानंद स्कूल में बाल संरक्षण एवं सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
बलरामपुर…
जिले में बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रामचंद्रपुर में बाल संरक्षण एवं सुरक्षा विषयक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कलेक्टर के मार्गदर्शन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में मिशन वात्सल्य, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act), चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गुड टच-बैड टच तथा व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की अनुचित घटना होने पर तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित विभाग को इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, स्वच्छता, लैंगिक समानता, नशामुक्ति, बाल विवाह, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति की रोकथाम तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्यों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण तथा बच्चों के कानूनी अधिकारों और जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का सरल भाषा में समाधान करते हुए उन्हें सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मिशन वात्सल्य, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।