मेढ़ारी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार घायल, तीन की हालत गंभीर।
वाड्रफनगर (बलरामपुर)…
बसंतपुर थाना क्षेत्र के मेढ़ारी गांव के पास बुधवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लमोरी निवासी शंकर सामंत अपने चचेरे भाई अजय के साथ बाइक से वाड्रफनगर अपने एक साथी को लेने आए थे। साथी को लेकर वे वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मेढ़ारी गांव के पास सामने से आ रही बाइक, जिसे शिव शंकर यादव (पिता स्व. जगेश्वर यादव), निवासी थाना चिनिया, जिला गढ़वा (झारखंड) चला रहे थे, से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार कुल चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और तीन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर पहुंचाया।

वहीं चौथे घायल, जो झारखंड के गढ़वा जिले के निवासी हैं, को स्थानीय पत्रकार आनंद मिश्रा ने अपने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर बसंतपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।