Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

अवैध बीज बिक्री पर कृषि विभाग की सख्त कार्रवाई। 

बिना लाइसेंस बीज बेचने पर बीज जब्त, दो कृषि प्रतिष्ठानों को नोटिस।

बलरामपुर…

जिले में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने और कृषि आदानों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिलेभर में उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है।

इसी क्रम में विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम पशुपतिपुर में निरीक्षण के दौरान एक दुकान संचालक बिना वैध लाइसेंस के कृषि बीज का विक्रय करते पाया गया। जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर कृषि विभाग की टीम ने दुकान में उपलब्ध बीज जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की।

निरीक्षण के दौरान सरस्वती कृषि सेवा केंद्र तथा जायसवाल कृषि विस्तार केंद्र में भी निर्धारित नियमों के उल्लंघन एवं अन्य अनियमितताएं मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस खाद, बीज एवं कीटनाशक का व्यापार करने, निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने अथवा अन्य अनियमितताओं में लिप्त पाए जाने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद, बीज एवं कीटनाशक खरीदें, खरीद का बिल अवश्य लें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल कृषि विभाग या जिला प्रशासन को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *