Skip to main content

ChhattisgarhLocalWadrafnagar

वाड्रफनगर में बनेगा आधुनिक इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ₹301.79 लाख की दी स्वीकृति।

बलरामपुर/वाड्रफनगर

प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के वाड्रफनगर विकासखंड के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र में लंबे समय से लंबित इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम की मांग अब पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्टेडियम निर्माण के लिए ₹301.79 लाख की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर विधायक शकुन्तला सिंह पोर्ते ने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर वाड्रफनगर में इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम निर्माण की मांग रखी थी। उन्होंने प्रस्ताव के साथ ₹301.79 लाख की प्राक्कलित राशि प्रस्तुत करते हुए स्टेडियम निर्माण को मंजूरी देने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रकरण को खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव को अग्रेषित कर दिया है।

वाड्रफनगर और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ी अब तक आधुनिक इंडोर खेल सुविधाओं के अभाव में जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए दूसरे शहरों का रुख करने को मजबूर होते थे। इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम बनने के बाद खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर प्रशिक्षण, नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं के आयोजन की सुविधा मिल सकेगी। इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता निखारने का अवसर मिलेगा।

क्षेत्र के खेल प्रेमियों का मानना है कि यह स्टेडियम न केवल बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए उपयोगी साबित होगा, बल्कि वाड्रफनगर में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा देगा। भविष्य में यहां जिला एवं संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा।

मुख्यमंत्री की स्वीकृति की खबर सामने आते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा प्रतापपुर विधायक शकुन्तला सिंह पोर्ते के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि स्टेडियम का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और वाड्रफनगर खेल सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *