वाड्रफनगर नगर पंचायत में तीन मनोनीत पार्षदों (एल्डरमैन) ने ली शपथ, विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते रहीं मुख्य अतिथि, नगर विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान।
वाड्रफनगर/बलरामपुर…
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की नगर पंचायत वाड्रफनगर में गुरुवार को तीन मनोनीत पार्षद (एल्डरमैन) के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन सामुदायिक भवन में किया गया। समारोह में क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने छत्तीसगढ़ महतारी एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके पश्चात एसडीएम वाड्रफनगर और नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने विधायक का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। मंचासीन अन्य अतिथियों का भी सम्मान किया गया।
समारोह के दौरान एसडीएम ने नवनियुक्त मनोनीत पार्षद रामजनक कुशवाहा, नवनीत प्रताप सिंह एवं ओमप्रकाश कनौजिया को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के साथ ही तीनों पार्षदों ने नगर के विकास एवं जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि मनोनीत पार्षद नगर पंचायत के विकास कार्यों को गति देने, जनसमस्याओं के समाधान तथा शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठन के नेतृत्व के निर्देशानुसार वाड्रफनगर नगर पंचायत में तीन नए एल्डरमैन की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि रामजनक कुशवाहा, नवनीत प्रताप सिंह और ओमप्रकाश कनौजिया के मनोनयन से नगर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इनके सहयोग से विकास कार्यों के लिए बेहतर संसाधन और बजट उपलब्ध होंगे तथा नगर के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा।