Skip to main content

BalrampurChhattisgarhRamanujganj

दादा के अंतिम संस्कार में जा रहे पोते की सड़क हादसे में मौत, दो युवक गंभीर घायल।

यात्री बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए घायल।

रामानुजगंज/ बलरामपुर…

जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम सेमरवा पंचायत भवन के समीप सोमवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में यात्री बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक अपने दादा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ग्राम झारा जा रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सेमरवा निवासी अनिल यादव (पिता रामाधार यादव), मनीष यादव (पिता रामप्रसाद यादव, 22 वर्ष) एवं पूनम यादव (पिता अजय यादव, 24 वर्ष) एक ही बाइक से ग्राम झारा जा रहे थे। सेमरवा पंचायत भवन के पास सामने से आ रही एक यात्री बस से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि अनिल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मनीष यादव और पूनम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सनवाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सनवाल थाना प्रभारी ब्रिज लाल भारद्वाज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिवार पहले ही दादा के निधन के दुख में डूबा हुआ था, वहीं अंतिम संस्कार में जाते समय पोते की सड़क हादसे में मौत हो जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *