Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocalWadrafnagar

तालाब में मिले शिक्षक के शव मामले में विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने शोकाकुल परिवार से की मुलाकात।

वाड्रफनगर/ बलरामपुर

प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आसनडीह चपोता में प्राथमिक शाला तुगवा में पदस्थ शिक्षक अमृतलाल पंडो का शव कुछ दिन पूर्व ससुराल के समीप स्थित एक छोटे तालाब से संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। मामले की जांच पुलिस द्वारा विभिन्न पहलुओं से की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, अमृतलाल पंडो अपने साला रामाशंकर पंडो के घर आसनडीह चपोता आए हुए थे। इसी दौरान घर के पास स्थित तालाब में उनका शव मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी। मृतक अपने पीछे पत्नी राजकुमारी सहित परिवार को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते मृतक के निवास एवं ससुराल पहुंचीं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

विधायक ने प्रशासन से शिक्षक की मृत्यु के कारणों की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शीघ्र जांच कराने निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की आपराधिक संलिप्तता सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे और पूरा क्षेत्र पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।

फिलहाल पुलिस मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *