शादी का झांसा देकर चार साल तक बनाए संबंध, शादी से मुकरा तो आरोपी गिरफ्तार।
वाड्रफनगर/ बलरामपुर….
शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ चार वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार कर फरार होने के मामले में वाड्रफनगर पुलिस ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता, जो दो बच्चों की मां है, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया था। इसी भरोसे पर वह करीब चार वर्षों तक आरोपी के साथ किराए के मकान में लिव-इन की तरह रही। इस दौरान आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह अपने वादे से मुकर गया और फरार हो गया। शिकायत मिलने के बाद वाड्रफनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रायपुर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना आगे भी जारी है।