सरस्वती साइकिल योजना से बेटियों को मिली नई उड़ान, 120 छात्राओं को मिली नि:शुल्क साइकिल।
बलरामपुर…
शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत मंगलवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बलरामपुर में कक्षा 9वीं की 120 छात्राओं को निशुल्क साइकिल वितरित की गई। योजना का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दूरी, आर्थिक कठिनाई या संसाधनों की कमी बेटियों की शिक्षा में कभी बाधा न बने। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राएं समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगी, सुरक्षित आवागमन कर सकेंगी और पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे पाएंगी।

विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि आठवीं के बाद विद्यालय की दूरी कई छात्राओं के लिए बड़ी चुनौती बन जाती थी। रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलने के कारण उनकी नियमित उपस्थिति और पढ़ाई प्रभावित होती थी। सरस्वती साइकिल योजना से इस समस्या का प्रभावी समाधान हुआ है। ग्राम पिण्डारा की छात्रा कोमल शर्मा ने बताया कि पहले उसे प्रतिदिन 4 से 5 किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल आना पड़ता था, जिससे समय और ऊर्जा दोनों की खपत होती थी। अब साइकिल मिलने से वह समय पर विद्यालय पहुंच सकेगी और पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे पाएगी।

वहीं ग्राम ओबरी की राधिका ने कहा कि विशेषकर बारिश के मौसम में विद्यालय पहुंचना बेहद कठिन होता था। साइकिल मिलने से अब उसका सफर आसान और सुरक्षित हो जाएगा। उसने मन लगाकर पढ़ाई कर अपने माता-पिता, विद्यालय और जिले का नाम रोशन करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।