Skip to main content

BalrampurChhattisgarhHealthLocal

आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए 5 से 7 अगस्त तक चलेगा महाअभियान।

ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में लगेंगे विशेष शिविर, 70 वर्ष से अधिक आयु वालों के बनेंगे वय वंदन कार्ड।

बलरामपुर…

जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 5 से 7 अगस्त 2026 तक आयुष्मान कार्ड एवं 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंदन कार्ड बनाने हेतु विशेष महाअभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में विशेष शिविर आयोजित कर शेष पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराया जाएगा।

महाअभियान के सफल संचालन के लिए कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को नोडल अधिकारी तथा सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। अभियान की निगरानी के लिए सेक्टर सुपरवाइजर एवं सेक्टर प्रभारियों की भी जिम्मेदारी तय की गई है।

अभियान में ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, वीएलई (VLE) एवं मितानिनों का सहयोग लिया जाएगा, ताकि सभी पात्र हितग्राहियों का कार्ड पंजीयन समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के सभी राशन कार्डधारी परिवारों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए अपने परिवार के सभी सदस्यों का आयुष्मान कार्ड तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों का वय वंदन कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाएं। पंजीयन के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं मोबाइल नंबर साथ लाना आवश्यक होगा।

आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को सूचीबद्ध अस्पतालों में नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिलती है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी पात्र परिवारों से 5 से 7 अगस्त के बीच आयोजित शिविरों में पहुंचकर समय पर पंजीयन कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *