Skip to main content

BalrampurChhattisgarhRamanujganj

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कांवड़ सेवा शिविर का लिया जायजा, सेवा कार्यों की सराहना की।

बाबा बैजनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए निस्वार्थ सेवा को बताया अनुकरणीय, स्वयंसेवकों का बढ़ाया उत्साह।

रामानुजगंज/ बलरामपुर….

क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अपने रामानुजगंज प्रवास के दौरान बाबा बैजनाथ धाम जाने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए संचालित सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष एवं बाबा बैजनाथ धाम कांवड़ सेवा समिति के प्रमुख रमन अग्रवाल भी उनके साथ मौजूद रहे।

कृषि मंत्री ने सेवा शिविर में पहुंचकर कांवड़ यात्रियों के ठहरने, भोजन, पेयजल, विश्राम तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सेवा में जुटे स्वयंसेवकों एवं सेवादारों से मुलाकात कर उनकी कार्यशैली, समर्पण और सेवा भावना की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान श्री नेताम ने कहा कि श्रावण मास में हजारों श्रद्धालु बाबा बैजनाथ धाम की यात्रा पर निकलते हैं। ऐसे में उनके लिए सुरक्षित आवास, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि बाबा बैजनाथ धाम कांवड़ सेवा समिति जिस निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य कर रही है, वह समाज के लिए प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय है।

कृषि मंत्री ने कहा, “आप सभी के सेवा कार्यों से पूरे नगर का मान-सम्मान बढ़ता है। समाज सेवा की ऐसी भावना हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को और अधिक सशक्त बनाती है। सेवा में लगे सभी स्वयंसेवक बधाई और शुभकामनाओं के पात्र हैं।”

नगर पालिका अध्यक्ष एवं समिति प्रमुख रमन अग्रवाल ने कृषि मंत्री का स्वागत करते हुए सेवा शिविर की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाबा बैजनाथ धाम जाने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए निशुल्क ठहरने, भोजन, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान सेवा समिति के पदाधिकारी, स्वयंसेवक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कृषि मंत्री ने सेवा कार्य में लगे सभी लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और सेवा भावना के साथ समाजहित में कार्य करते रहने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *