रामानुजगंज में बैजनाथ धाम कांवड़ियों की सेवा जारी, स्वास्थ्य मंत्री ने की सराहना।
रामानुजगंज/ बलरामपुर...
श्रावण मास में बाबा बैजनाथ धाम जाने वाले कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए रामानुजगंज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में बाबा बैजनाथ धाम कांवरिया सेवा समिति द्वारा निःशुल्क भोजन, पेयजल एवं विश्राम की व्यवस्था लगातार की जा रही है। समिति की इस पहल का प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री लाभ उठा रहे हैं।
श्रावण मास के नौवें दिन छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पूर्व विधायक चंपा देवी पावले सहित करीब 80 श्रद्धालु यात्रा के दौरान सेवा शिविर पहुंचे। सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और कुछ समय विश्राम के बाद बैजनाथ धाम के लिए रवाना हुए।
इस अवसर पर समिति के प्रमुख एवं नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में नगरवासियों ने स्वास्थ्य मंत्री, पूर्व विधायक तथा सभी कांवड़ यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने समिति के सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वे जब भी बाबा बैजनाथ धाम की यात्रा पर निकलते हैं, रामानुजगंज में अवश्य रुकते हैं। यहां स्वच्छता, शुद्धता और सेवा भाव का उत्कृष्ट वातावरण देखने को मिलता है, जो श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सेवा कार्य में सहयोग कर रहे सभी नगरवासियों और समिति के सदस्यों को बधाई देते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया।
नगर पालिका अध्यक्ष एवं सेवा समिति के प्रमुख रमन अग्रवाल ने कहा कि यह सेवा नगरवासियों के सहयोग, समर्पण और धार्मिक आस्था का परिणाम है। कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए भोजन, पेयजल, विश्राम सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि श्रावण मास भर यह सेवा निरंतर जारी रहेगी।