ब्रेकिंग न्यूज़- वन विभाग की मुस्तैदी से अवैध लकड़ी कारोबार पर शिकंजा, कत्थे की लकड़ी से भरा ट्रक पकड़ा।
ब्रेकिंग न्यूज़
वाड्रफनगर/ बलरामपुर….
वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत रूपपुर के भोदर में लकड़ी से भरा एक ट्रक पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक वन विभाग की टीम को देखते ही वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम को भोदर क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया। वन विभाग की टीम को देखते ही चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद वन कर्मचारियों ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर वन विभाग कार्यालय पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि ट्रक में कत्थे की लकड़ी लदी हुई है। फिलहाल वन विभाग की टीम द्वारा ट्रक में लदी लकड़ियों की नाप-जोख और जांच की जा रही है। लकड़ी की वास्तविक मात्रा, वैध दस्तावेज और उसके स्रोत की जानकारी जुटाई जा रही है।
वन विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही फरार चालक की पहचान और तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।
वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लकड़ी के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।