Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर 200 विद्यार्थियों ने निकाली साइक्लोथॉन।

बलरामपुर…

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश देने जिला पुलिस द्वारा सोमवार को साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में करीब 200 स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

साइक्लोथॉन को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड बलरामपुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साइकिल रैली निर्धारित मार्ग से होते हुए हाई स्कूल खेल मैदान बलरामपुर पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालक हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम तथा सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

साइकिलिंग के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, भाईचारे, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश आमजन तक पहुंचाया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली तथा सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी विमलेश कुमार देवांगन, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से साइक्लोथॉन सफल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *