लकड़ी चोरी रोकने पर वन रक्षक पर जानलेवा हमला, पति-पत्नी गिरफ्तार।
रामानुजगंज/ बलरामपुर……
जंगल से सागौन की लकड़ी चोरी कर ले जा रहे पति-पत्नी को रोकना वन रक्षक को भारी पड़ गया। आरोपियों ने वन रक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और सागौन का लट्ठा उसके सिर पर पटककर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में वन रक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5:45 बजे रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में पदस्थ वन रक्षक पिंटू मालाकार ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान वन वाटिका के पास एक महिला और पुरुष जंगल से सागौन का लट्ठा लेकर आते दिखाई दिए। वन रक्षक ने उन्हें रोककर पूछताछ की।
आरोप है कि पूछताछ के दौरान मनोज भुईया (32) और उसकी पत्नी मानमती भुईया (30), दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 15 रामानुजगंज, ने वन रक्षक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद रास्ते से हट जाने और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने सिर पर रखा सागौन का लट्ठा वन रक्षक के ऊपर पटक दिया और उसके साथ मारपीट की। लट्ठे की चोट से वन रक्षक पिंटू मालाकार के सिर में गंभीर चोट आई।
घटना की रिपोर्ट वन विभाग के कर्मचारी द्वारा थाना रामानुजगंज में दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 11 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।