गढ़वा से नशीली इंजेक्शन की डिलीवरी कर छत्तीसगढ़ में खपाने वाला अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार।
बलरामपुर…..
बलरामपुर पुलिस की एंड-टू-एंड कार्रवाई, मामले में चौथा आरोपी गढ़वा झारखंड से पकड़ाया
बलरामपुर। नशीली इंजेक्शन की तस्करी के खिलाफ बलरामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के गढ़वा से एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गढ़वा से नशीली इंजेक्शन की डिलीवरी कर छत्तीसगढ़ में खपाने में संलिप्त होने का आरोप है। पुलिस ने मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है।
पुलिस के अनुसार, 17 मई 2026 की रात करीब 1 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से गढ़वा से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर अंबिकापुर की ओर जा रहे हैं और कुछ ही देर में बलरामपुर पहुंचने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग ग्राम बड़कीमहरी, थाना बलरामपुर में घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी राहुल गुप्ता पिता अवध बिहारी गुप्ता, निवासी नर्मदापुर, थाना कमलेश्वरपुर, जिला सरगुजा के कब्जे से 481 नग बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन और 504 नग फेनिरामाइन मैलेट इंजेक्शन बरामद किए गए।
मामले में धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 81/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने एंड-टू-एंड कार्रवाई जारी रखी। विवेचना के दौरान राहुल गुप्ता पिता सुरेश गुप्ता, निवासी गेरसा, थाना लुण्ड्रा को 24 मई तथा किशुन राम उर्फ बबलू ठाकुर, निवासी गड़बीरा, थाना लुण्ड्रा को 28 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
इसी कड़ी में पुलिस ने प्रकरण में संलिप्त एक अन्य आरोपी राजू कुमार गोंड (46), पिता स्व. फेकन गोंड, निवासी वार्ड क्रमांक 03, मदरसा रोड, गढ़वा, थाना व जिला गढ़वा, झारखंड को गढ़वा से हिरासत में लिया। उसे 12 अगस्त 2026 को दोपहर 1:50 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में विवेचना लगातार जारी है और नशीली इंजेक्शन की तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।