Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

खाद वितरण में धोखाधड़ी कर 14.75 लाख की आर्थिक क्षति, तीन आरोपी गिरफ्तार।

पॉश मशीन में ग्रामीण महिलाओं के अंगूठे लगवाकर तैयार किया खाद वितरण का फर्जी इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड, वास्तविक खाद नहीं पहुंची किसानों तक।

राजपुर/ बलरामपुर…

कृषि विभाग से प्राप्त खाद एवं उर्वरक के वितरण में धोखाधड़ी कर करीब 14.75 लाख रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने के मामले में राजपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला ग्राम कुन्दीकला का है, जहां ग्रामीण महिला किसानों को खाद वितरण के नाम पर पॉश मशीन में उनके अंगूठे के निशान लिए गए, लेकिन जांच में वास्तविक रूप से खाद वितरित नहीं किए जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कुन्दीकला के ग्रामीणों की शिकायत की जांच के बाद अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजपुर के माध्यम से प्राप्त प्रथम सूचना रिपोर्ट के आधार पर थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 177/2026 दर्ज किया गया। मामले में धारा 318(4), 336(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

*2647 बोरी यूरिया और 570 बोरी डीएपी का मामला*

विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी विनोद कुमार सांडिल्य और दीपक कुमार सांडिल्य द्वारा कृषि विभाग से प्राप्त खाद/उर्वरक को ग्रामीण महिला किसानों में वितरित करने के नाम पर पॉश मशीन में उनके अंगूठे के निशान लिए गए। इसके बाद महिलाओं के नाम पर खाद वितरण संबंधी इलेक्ट्रॉनिक प्रविष्टियां तैयार कर ली गईं, जबकि वास्तविक रूप से खाद का वितरण नहीं किया गया।
जांच में ग्राम की महिलाओं के नाम पर प्राप्त 2647 बोरी यूरिया और 570 बोरी डीएपी के संबंध में कूटरचित अथवा भ्रामक इलेक्ट्रॉनिक प्रविष्टियां किए जाने की बात सामने आई है। इससे वास्तविक लाभ किसानों तक नहीं पहुंचा और आरोपियों द्वारा आर्थिक लाभ अर्जित किए जाने का आरोप है।
*14.75 लाख रुपये की आर्थिक क्षति*
पुलिस के मुताबिक, मामले में यूरिया की अनुमानित राशि 7 लाख 5 हजार 425.50 रुपये तथा डीएपी की राशि 7 लाख 69 हजार 500 रुपये है। दोनों को मिलाकर खाद से संबंधित कुल आर्थिक क्षति करीब 14 लाख 74 हजार 925.50 रुपये आंकी गई है।
विवेचना के दौरान आरोपी विकास कुमार अग्रवाल द्वारा भी अन्य आरोपियों को सहयोग किए जाने के संबंध में साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने कही है। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य संकलित किए गए हैं।

*तीनों आरोपियों को 13 अगस्त को किया गिरफ्तार*

मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विनोद कुमार सांडिल्य (28), निवासी कुन्दीकला, दीपक कुमार सांडिल्य (32), निवासी कुन्दीकला और विकास कुमार अग्रवाल (40), निवासी राजपुर को 13 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया। तीनों की गिरफ्तारी क्रमशः शाम 6:30, 6:40 और 7 बजे की गई। गिरफ्तारी की सूचना आरोपियों के परिजनों को विधिवत दी गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड की मांग की है। मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा संबंधित दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *