जिले में गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस।
मुख्य समारोह में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी
शहीद परिवारों को साल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित, वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से गूंजा परिसर।
बलरामपुर…
देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस बलरामपुर जिले में गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया।

समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन से हुआ। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि सांसद श्री महाराज ने कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर के साथ परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद तिरंगे के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।
*शहीद परिवारों का किया सम्मान*

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांसद चिंतामणि महाराज ने जिले के शहीद परिवारों से भेंट कर उन्हें साल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। सम्मानित परिवारों में श्रीलंका शांति सेना में शहीद स्व. लाजरूस मिंज, नक्सली मुठभेड़ में शहीद स्व. नबोर कुजूर, रानीबोदली बीजापुर में शहीद स्व. महेश पैकरा, नक्सली मुठभेड़ में शहीद स्व. अनिल खलखो, नारायणपुर-बस्तर में शहीद स्व. मनाज रूल, थाना पांकी जिला तालेहार में उग्रवादी मुठभेड़ में शहीद स्व. मसीह भूषण लकड़ा तथा सियाचिन ग्लेशियर में शहीद स्व. रामसाय भगत के परिजन शामिल रहे।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज, रेडक्रॉस सोसायटी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पुलिस लाइन परिसर गूंज उठा।