पंडरी स्कूल में छात्राओं को बांटी गई साइकिलें, बालिका शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा।
वाड्रफनगर/बलरामपुर…..
विकासखंड वाड्रफनगर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंडरी में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। योजना का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना और ड्रॉपआउट दर को शून्य करते हुए बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में रघुनाथनगर मंडल अध्यक्ष सोबरन कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति (SMDC) के अध्यक्ष कंचन जायसवाल, सांसद प्रतिनिधि ओम जायसवाल, ग्राम के सम्मानीय केपी जायसवाल, भाजपा युवा मोर्चा के ब्लॉक अध्यक्ष उपाध्याय जी, ब्रह्माकुमारी बहन सहित पालकगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य आर.के. सिंह सहित प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना को बालिका शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण एवं लाभकारी पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी संस्था की बहन वनस्पति ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया।
साइकिल मिलने पर छात्राओं में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली। छात्राओं ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए साइकिल का सदुपयोग कर नियमित रूप से विद्यालय आने और अपनी शिक्षा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
रिमझिम बारिश के बीच आयोजित कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य आर.के. सिंह ने विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों एवं विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय के जर्जर पुराने छात्रावास को डिस्मेंटल कराने, विद्यालय भवन की मरम्मत तथा विद्युत वायरिंग में सुधार की आवश्यकता से अतिथियों को अवगत कराया। प्राचार्य ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।