Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocalRamanujganj

रामानुजगंज में शिव महापुराण कथा का शुभारंभ, बारिश के बीच निकली भव्य कलश यात्रा।

रामानुजगंज/ बलरामपुर…..

सावन मास के पावन अवसर पर रामानुजगंज में मंगलवार से सात दिवसीय शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। कथा के शुभारंभ से पूर्व कन्हर नदी के पावन तट से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में हिस्सा लिया, वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु बारिश में भीगते हुए कई किलोमीटर तक पैदल चले।

कन्हर नदी से विधिवत जल उठाने के बाद कलश यात्रा नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए कथा स्थल पहुंची। इस दौरान हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी से नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।

शिव महापुराण कथा का आयोजन काका लरंगसाय टाउन हॉल, रामानुजगंज में शिव मंदिर एवं मां महामाया मंदिर के समीप किया जा रहा है। कथा का आयोजन 18 से 24 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। कथा व्यास श्रीधाम वृंदावन के पं. कंजबिहारी जी महाराज हैं। सात दिवसीय कथा में भगवान शिव की महिमा, शिव भक्ति तथा विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।

सावन मास में आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर रामानुजगंज सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजकों के अनुसार कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा के साथ सनातन परंपराओं एवं आध्यात्मिक संदेशों से परिचित कराया जाएगा।

*बारिश में भी नहीं डिगी आस्था*

बरसते पानी के बीच श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने रामानुजगंज में धार्मिक आयोजन का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। कन्हर नदी से पवित्र जल लेकर निकली कलश यात्रा ने पूरे नगर को शिवमय कर दिया। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर शिव महापुराण का श्रवण करने और धार्मिक लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *