Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

भारी बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट, जलस्रोतों और पुल-पुलियों पर सतत निगरानी।

बलरामपुर…..

जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले के सभी तालाब, एनीकट, बांध, नहर, पुल-पुलिया सहित जलभराव की संभावित स्थिति वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।

कलेक्टर के निर्देश पर सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर रहे हैं। जलस्रोतों के जलस्तर, बांध एवं एनीकट से पानी के बहाव तथा पुल-पुलियों की स्थिति पर विशेष नजर रखी जा रही है। संभावित जलभराव और अन्य परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।

प्रशासन द्वारा जलभराव एवं जोखिम वाले क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में नदी-नालों, एनीकट, बांध एवं पुल-पुलियों के आसपास नहीं जाने तथा जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, एनीकट, बांध एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के पास अनावश्यक रूप से न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। प्रशासन द्वारा स्थानीय स्तर पर स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

निचले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *