आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच पहुंचीं कलेक्टर, पोषण व्यवस्था का लिया जायजा।
बलरामपुर…
बच्चों के सर्वांगीण विकास और बेहतर पोषण व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम चिनिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नौनिहालों से आत्मीयता से बातचीत कर केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनके नाम पूछे और यह भी जाना कि उन्होंने आज भोजन में क्या खाया। उन्होंने बच्चों से आंगनबाड़ी केंद्र में होने वाली पढ़ाई और गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली। बच्चों ने उत्साहपूर्वक कलेक्टर से बातचीत की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों की उपस्थिति, उन्हें दिए जा रहे रेडी-टू-ईट पोषण आहार तथा गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की ऊंचाई और वजन की स्थिति का जायजा लेते हुए पोषण स्तर की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में अनिवार्य रूप से भर्ती कराया जाए, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, पोषण स्तर की सतत निगरानी रखने तथा आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित बचपन ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। इसलिए बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उन तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया, अनुविभागीय अधिकारी आनंद राम नेताम, तहसीलदार मनोज पैंकरा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।