Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश, एसपी वैभव बैंकर ने की समीक्षा।

बलरामपुर-रामानुजगंज…..

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित अपराध, मर्ग, गुमशुदगी, एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर अपराध, एनडीपीएस, साइबर अपराध, महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराध, यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और लंबित शिकायतों सहित विभिन्न मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

एसपी ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर अपराधों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए। उन्होंने लंबित चीटफंड एवं धोखाधड़ी के मामलों, पीड़ित मुआवजा प्रकरणों और शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।

*गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश पर जोर*

बैठक में गुमशुदा व्यक्तियों के मामलों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए। ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम बच्चों की तलाश और उनके पुनर्वास पर भी विशेष जोर दिया गया।

*नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश*

एनडीपीएस मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने नशीले पदार्थों की तस्करी एवं दुरुपयोग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। एनडीपीएस मामलों में जब्त वाहनों के राजसात की कार्रवाई, फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन तथा नशे के कारोबार से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच पर भी जोर दिया गया।

*साइबर जागृति अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश*

15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में म्यूल अकाउंट, प्वाइंट ऑफ सेल इन्वेस्टिगेशन, सोशल इंजीनियरिंग, फेक APK, OTP फ्रॉड सहित साइबर अपराध के नए तरीकों पर चर्चा की गई। पुलिस कर्मियों को साइबर अपराध की जांच के लिए प्रशिक्षित करने और आम जनता को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

*महिला एवं बाल अपराधों को प्राथमिकता*

महिलाओं से संबंधित अपराधों की जांच में तेजी लाने और पीड़ितों को त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ जांच कर शीघ्र निराकरण करने पर भी एसपी ने जोर दिया।

*यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई*

यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट, ट्रिपल सवारी, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

*कानून-व्यवस्था और बेसिक पुलिसिंग पर जोर*

एसपी ने जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और पुलिस की मौजूदगी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई को मजबूत करने, संदिग्ध एवं आदतन अपराधियों पर निगरानी रखने तथा लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पीड़ितों को न्याय दिलाना है।

बैठक में वाड्रफनगर एसडीओपी रामअवतार ध्रुव, एसडीओपी कुसमी अलेक्सिस टोप्पो, रामानुजगंज एसडीओपी बाजीलाल सिंह, डीएसपी हेडक्वार्टर प्रमोद किस्पोट्टा, एसडीओपी बलरामपुर याकूब मेमन, डीएसपी अजाक कमलेश्वर भगत सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *