अवैध क्लीनिक और मेडिकल स्टोर पर प्रशासन की कार्रवाई, दो दुकानें सील।
बलरामपुर…
जिले में अवैध रूप से संचालित चिकित्सा संस्थानों और स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में राजस्व, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने राजपुर और बलरामपुर अनुभाग में कार्रवाई करते हुए एक अवैध क्लीनिक तथा एक मेडिकल स्टोर को सील किया है।
राजपुर अनुविभाग के ग्राम चरगढ़ में एसडीएम राजपुर देवेन्द्र प्रधान के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने दीनानाथ द्वारा संचालित क्लीनिक का निरीक्षण किया। इस दौरान क्लीनिक के संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों और वैधानिक अनुमति की जांच की गई। जांच में अनियमितता पाए जाने पर टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सील कर दिया।
इसी तरह बलरामपुर अनुभाग के ग्राम जवाहर नगर में एसडीएम अभिषेक गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की टीम ने अनुज मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर में एक्सपायरी डेट की दवाइयां पाई गईं। टीम ने दवाइयों को जब्त कर स्वास्थ्य विभाग के सुपुर्द किया और मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।
प्रशासन द्वारा जिले में अवैध क्लीनिक, मेडिकल स्टोर एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बिना वैध अनुमति या आवश्यक चिकित्सकीय पात्रता के स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने तथा दवाइयों से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि उपचार के लिए केवल अधिकृत एवं पंजीकृत स्वास्थ्य संस्थानों और योग्य चिकित्सकों की सेवाएं लें। साथ ही किसी भी अवैध क्लीनिक या संदिग्ध चिकित्सा गतिविधि की जानकारी संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।