Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

पण्डो समुदाय के अरविंद ने NEET में हासिल की सफलता, कठिन परिस्थितियों में मेहनत और लगन से पाया मुकाम, कलेक्टर ने दी बधाई।

बलरामपुर…..

पण्डो समुदाय के छात्र अरविंद कुमार ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने परिवार और समुदाय का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिली है।

अरविंद की सफलता पर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने उनसे भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अरविंद के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कठिन से कठिन चुनौतियों को पार किया जा सकता है। उन्होंने अरविंद को इसी लगन के साथ आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

अरविंद ने बताया कि उनका परिवार कृषि एवं मजदूरी पर निर्भर है। परिवार में अब तक कोई भी व्यक्ति उच्च शिक्षा के स्तर तक नहीं पहुंच पाया था। ऐसे में अरविंद परिवार के पहले सदस्य हैं, जिन्होंने डॉक्टर बनने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

अरविंद का कहना है कि डॉक्टर बनकर वे न केवल अपने परिवार का सपना पूरा करना चाहते हैं, बल्कि भविष्य में पण्डो समाज के लोगों के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करना चाहते हैं। उनका लक्ष्य समाज के पिछड़ेपन को दूर कर समुदाय को आगे बढ़ाने में योगदान देना है।

अरविंद ने कहा कि कठिन परिस्थितियां लक्ष्य की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और सही दिशा में प्रयास किया जाए तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *