Skip to main content

ChhattisgarhLocalRaipur

मुख्यमंत्री ने ‘साइंस ऑन व्हील्स’ को दिखाई हरी झंडी, स्कूलों तक पहुंचेगी चलती-फिरती विज्ञानशाला, प्रयोगों और मॉडलों के जरिए विज्ञान सीखेंगे विद्यार्थी।

रायपुर…

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कैम्प कार्यालय बगिया में ‘साइंस ऑन व्हील्स’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह चलती-फिरती विज्ञानशाला स्कूलों और विद्यार्थियों तक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को प्रयोगात्मक रूप में पहुंचाएगी। विशेष रूप से आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों से सीमित पहुंच वाले क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बच्चों में अपने आसपास की दुनिया को जानने और समझने की स्वाभाविक जिज्ञासा होती है। ‘साइंस ऑन व्हील्स’ इस जिज्ञासा को वैज्ञानिक सोच, प्रयोग और नवाचार से जोड़ने में उपयोगी साबित होगी। विद्यार्थी किताबों में पढ़े विज्ञान को प्रयोगों के माध्यम से समझ सकेंगे और उनमें सवाल पूछने, प्रयोग करने तथा वैज्ञानिक समाधान तलाशने की प्रवृत्ति विकसित होगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान और प्रौद्योगिकी जीवन के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के दौरान ही विज्ञान और तकनीक के व्यावहारिक पक्ष से परिचित कराना उनके भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।

*चार प्रमुख मॉड्यूल से समझेंगे विज्ञान*

‘साइंस ऑन व्हील्स’ में विद्यार्थियों को मुख्य रूप से चार मॉड्यूल के माध्यम से प्रशिक्षण और प्रयोगात्मक जानकारी दी जाएगी। अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के जरिए उन्हें ब्रह्मांड और अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी मिलेगी। रोबोटिक्स के माध्यम से नई तकनीकों और भविष्य के तकनीकी कौशल से परिचित कराया जाएगा। सतत विकास मॉड्यूल में पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की जानकारी दी जाएगी। वहीं जल निस्पंदन के जरिए स्वच्छ जल, जल संरक्षण और उससे जुड़े वैज्ञानिक समाधानों को प्रयोगों के माध्यम से समझाया जाएगा।

*विज्ञान से निरंतर जुड़ाव पर जोर*

इस पहल का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को एक बार विज्ञान के प्रयोग दिखाना नहीं, बल्कि उनमें विज्ञान, नवाचार और तकनीक के प्रति स्थायी रुचि विकसित करना है। विभिन्न प्रयोगों, मॉडलों और गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में तार्किक सोच, समस्या-समाधान, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

*तीन राज्यों में संचालित हो रही पहल*

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से ‘साइंस ऑन व्हील्स’ परियोजना छत्तीसगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में संचालित की जा रही है। इसे प्लक्ष विश्वविद्यालय, IDYM फाउंडेशन और IIT मंडी के सहयोग से लागू किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान की व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ने के साथ नई तकनीक और नवाचार के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *