Skip to main content

AmbikapurChhattisgarhLocal

त्योहार के दौरान मनमाना बस किराया वसूलना पड़ा भारी, परिवहन विभाग ने कसा शिकंजा।

अम्बिकापुर बस स्टैंड में यात्री बसों की जांच, यात्रियों को वापस कराई अतिरिक्त वसूली गई राशि; दो बसों पर चालानी कार्रवाई।

सरगुजा- अम्बिकापुर….

रक्षाबंधन पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ का फायदा उठाकर निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने की शिकायतों पर परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के निर्देश पर परिवहन उड़नदस्ता ने अम्बिकापुर बस स्टैंड में यात्री बसों की सघन जांच की। इस दौरान कुछ बसों में यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूले जाने का मामला सामने आया। विभाग ने अतिरिक्त राशि यात्रियों को मौके पर ही वापस कराई और दो बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।

जांच के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न मार्गों पर जाने वाले यात्रियों से टिकट और किराए की जानकारी ली। अम्बिकापुर से रामानुजगंज जाने वाली एक साधारण बस में यात्रियों ने निर्धारित किराए से अधिक 200 रुपये लिए जाने की जानकारी दी। अधिकारियों ने किराया दर की जांच के बाद अतिरिक्त वसूली गई राशि यात्रियों को वापस कराई।

इसी तरह अम्बिकापुर से बिलासपुर मार्ग पर संचालित साधारण बसों की जांच में भी यात्रियों से अधिक किराया लिए जाने की शिकायत सामने आई। यात्रियों से 400 रुपये किराया लिए जाने की जानकारी मिलने पर परिवहन विभाग ने निर्धारित दर से अधिक वसूली गई राशि वापस कराई।

*दो बसों पर चालानी कार्रवाई*

जांच के दौरान दो बसों में नियमों का उल्लंघन पाया गया। इन बसों में निर्धारित किराया सूची चस्पा नहीं थी और यात्रियों से अधिक किराया वसूलने का मामला भी सामने आया। परिवहन विभाग ने दोनों बसों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की।

विभाग ने बस संचालकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक यात्री बस में निर्धारित किराया सूची प्रमुख स्थान पर अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ का हवाला देकर निर्धारित किराए से अतिरिक्त राशि वसूलने पर कार्रवाई की जाएगी।

*रायपुर मार्ग की बसों में मिला निर्धारित किराया*

परिवहन उड़नदस्ता ने अम्बिकापुर से रायपुर मार्ग पर संचालित यात्री बसों की भी जांच की। इस दौरान बसों में यात्रियों से निर्धारित दर के अनुसार किराया लिया जाना पाया गया।

*त्योहारी सीजन में जारी रहेगी जांच*

रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण बसों में अधिक किराया वसूली की शिकायतों को देखते हुए परिवहन विभाग ने जांच अभियान जारी रखने के संकेत दिए हैं। विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यदि कोई बस संचालक निर्धारित किराए से अधिक राशि मांगता है तो इसकी सूचना परिवहन विभाग को दें। अधिकारियों ने कहा कि मनमाना किराया वसूलने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *