Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

घटिया सड़क ने ली एक युवक की जान, 14 दिन से बही सीसी रोड बनी हादसे की वजह।

रामपुर यादवपारा की बदहाल सड़क पर दर्दनाक हादसा, चंपापुर निवासी युवक की मौत; ग्रामीणों में आक्रोश।

बलरामपुर…..

बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर यादवपारा में सड़क की बदहाली के चलते एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। हादसे में चंपापुर निवासी एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने सड़क निर्माण एवं मरम्मत में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ जवाबदेही तय करने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि युवक रात के समय अपने रिश्तेदार के घर से वापस चंपापुर लौट रहा था। इसी दौरान रामपुर यादवपारा की बदहाल सड़क पर हादसा हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, अत्यधिक बारिश के कारण यहां की सीसी सड़क करीब 14 दिनों से बह चुकी है, जिसके चलते सड़क पर आवागमन बेहद खतरनाक बना हुआ है। इसी बदहाल स्थिति को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा इसे दुरुस्त कराने की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई। अब हादसे में युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि आखिर जिम्मेदार विभाग कब जागेगा? सड़क निर्माण और मरम्मत में कथित लापरवाही का खामियाजा लोगों को अपनी जान देकर क्यों भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क को जल्द दुरुस्त नहीं कराया गया और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। युवक की मौत के बाद सड़क की बदहाली अब क्षेत्र में गंभीर मुद्दा बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *