कलेक्टर के निर्देश पर सड़क सुरक्षा अभियान तेज, रामानुजगंज में पांच ऑटो पर कार्रवाई।
रामानुजगंज/ बलरामपुर…..
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को लेकर जिले में परिवहन विभाग द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर संचालित इस अभियान के तहत जिले के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर वाहनों एवं दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
इसी क्रम में रामानुजगंज क्षेत्र में परिवहन विभाग की टीम ने ऑटो वाहनों की जांच की। जांच के दौरान पांच ऑटो में वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर संबंधित चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। प्रत्येक वाहन पर एक हजार रुपये के हिसाब से कुल 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
परिवहन अधिकारी यशवंत कुमार यादव ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीयन प्रमाण-पत्र, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से साथ रखें।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने आमजन से हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा निर्धारित गति सीमा सहित यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन ही सड़क दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।