Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

6 लाख 46 हजार 418 दीयों से जगमगाया बलरामपुर-रामानुजगंज, विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, 476 ग्राम पंचायतों से लेकर नगरों तक दिखी जनभागीदारी।

बलरामपुर…..

सेवा संकल्प अभियान के तहत विश्वकर्मा जयंती एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से गुरुवार की शाम पूरा बलरामपुर-रामानुजगंज जिला दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। संयुक्त जिला कार्यालय से लेकर नगरों और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों ने दीप प्रज्वलित कर एकता, सेवा और विकसित भारत का संकल्प लिया।

जिला स्तरीय मुख्य आयोजन स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में आयोजित हुआ। यहां करीब 2 हजार विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ की भव्य आकृति तैयार की। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने आकृति में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में करीब 1 लाख 30 हजार दीये एक साथ प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा मैदान रोशनी से जगमगा उठा।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि आज का दिन दोहरे सौभाग्य का दिन है। एक ओर भगवान विश्वकर्मा की जयंती है और दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने पूरे जिले को एकता के सूत्र में बांधा है। हर घर में जला दीप विकसित भारत 2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रतीक है।

*476 ग्राम पंचायतों ने लिया हिस्सा*

जिले में कुल 6 लाख 46 हजार 418 दीयों के प्रज्वलन की तैयारी की गई थी। इसमें विभागीय एवं निकाय स्तर के 5 लाख 16 हजार 418 दीये शामिल रहे। कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, अनुभाग एवं तहसील कार्यालयों के साथ नगरीय निकायों में भी दीप सजाए गए। बलरामपुर, राजपुर, शंकरगढ़, कुसमी, रामचंद्रपुर और वाड्रफनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने अपने घर-आंगन में स्वेच्छा से दीप जलाए।

जिले की 476 ग्राम पंचायतें भी इस आयोजन में शामिल हुईं। शालाओं, छात्रावासों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थाओं, अमृत सरोवरों और पुरातात्विक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि जिले के हर कोने में जले दीप एकजुटता और विकास की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि घर के आंगन में श्रद्धा से जलाया गया एक दीप भी इस अभियान में महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में लोगों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जनभागीदारी से पूरा आयोजन पारिवारिक उत्सव का रूप ले गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *