आशीर्वाद का दीया: 11 हजार दीपों से जगमगाया अटल परिसर, विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर नगर पंचायत वाड्रफनगर में भव्य दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम।
वाड्रफनगर/बलरामपुर।
विश्वकर्मा जयंती एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर पंचायत वाड्रफनगर के अटल परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे पूरा अटल परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, मितानिन दीदियों, संस्था प्रमुखों और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

*विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने किया शुभारंभ*
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों में निरंतर सहभागिता का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने शिक्षा, अधोसंरचना और तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए सेवा और समर्पण की भावना से कार्य करने की बात कही।

*एक साथ जले 11 हजार दीप, रोशनी से नहाया परिसर*
नगर पंचायत वाड्रफनगर द्वारा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे पूरा किया गया। अटल परिसर में एक साथ हजारों दीप जलने का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। दीपों की श्रृंखला से पूरा परिसर जगमगा उठा और आयोजन स्थल का वातावरण भक्तिमय एवं उत्सवपूर्ण नजर आया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र द्विवेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके कार्यकाल में देश में बुनियादी ढांचे, तकनीक, जनकल्याण और विकास से जुड़े कार्यों को गति मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

*अधिकारी-कर्मचारियों और नगरवासियों ने बढ़ाया उत्साह*
कार्यक्रम में एसडीएम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन दीदियां एवं नगर क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों के प्रमुख शामिल हुए। सभी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
*सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश*
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। नगरवासियों ने उत्साह के साथ दीप जलाकर अटल परिसर में दीपों की आकर्षक श्रृंखला सजाई। देर शाम तक हजारों दीपों से जगमगाता परिसर लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर आयोजन में सहयोग एवं सहभागिता करने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।