Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

मवेशी तस्करी के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, 34 भैंस-भैंसा जब्त।

उत्तर प्रदेश पैदल ले जाए जा रहे थे मवेशी, पुलिस को देखकर भागे तस्कर; अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य आरोपी फरार।

रघुनाथनगर/बलरामपुर। 

मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रघुनाथनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 34 नग भैंस एवं भैंसा भी जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान कुछ अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 को रघुनाथनगर थाना पुलिस क्षेत्र में ग्राम भ्रमण एवं गश्त-पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग ग्राम केसारी से मवेशियों को अवैध रूप से पैदल उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम केसारी में घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर मवेशियों को ले जा रहे लोगों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से दीपक सोनवानी निवासी ग्राम केसारी को पकड़ लिया। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मौके से 34 नग भैंस एवं भैंसा जब्त किए। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 111(2) भारतीय न्याय संहिता, छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश और मामले की आगे की जांच जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी डाकेश्वर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक फिलिरियुस टोप्पो, प्रधान आरक्षक निर्मल तिर्की, नानसाय खलखो तथा आरक्षक राममूरत यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *