पलगी जंगल में वन विभाग का बड़ा एक्शन, अवैध साल लकड़ी से लदा महिंद्रा वीरो जब्त।
5 साल लट्ठे बरामद, 2.299 घन मीटर लकड़ी की अनुमानित कीमत 1.71 लाख रुपये; आरोपी मौके से फरार।
रामानुजगंज/ बलरामपुर….
वन विभाग रामानुजगंज द्वारा अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए त्रिकुंडा क्षेत्र के पलगी जंगल में अवैध साल लकड़ी से लदे महिंद्रा वीरो वाहन को जब्त किया है। वाहन से साल प्रजाति के पांच लट्ठे बरामद हुए हैं। जब्त लकड़ी की कुल मात्रा 2.299 घन मीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 71 हजार 448 रुपये है। कार्रवाई के दौरान आरोपी वन अमले को चकमा देकर जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को वनमंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन एवं उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वनपरिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज डॉ. दिलरुबा ए बानो के नेतृत्व में सर्किल बगरा के बीट पलगी में वन विभाग की टीम निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कक्ष क्रमांक 794 के जंगल में एक वाहन के माध्यम से अवैध रूप से काटी गई साल लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर वन अमले ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। बताया गया कि वाहन चालक को जंगल में खीरा लोड करने के नाम पर बुलाया गया था, लेकिन जंगल के भीतर पहुंचने के बाद वाहन में खीरे की जगह अवैध रूप से काटे गए साल के लट्ठे लोड किए जा रहे थे। वन विभाग की टीम के पहुंचते ही आरोपी जंगल की ओर भाग निकला।

वन अमले ने मौके से महिंद्रा वीरो वाहन क्रमांक UP64 CT/3581 को जब्त कर लिया। वाहन में लदे साल के पांच लट्ठों को भी जब्त किया गया।
वन विभाग द्वारा इस मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(क), छत्तीसगढ़ वन उपज एवं व्यापार (विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5(1) तथा छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 की धारा 22(1) के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में उपवनक्षेत्रपाल मतिन अहमद अंसारी, वनपाल दयाशंकर सिंह, वनपाल विजय वर्मन, वनरक्षक कृष्ण कुमार पैकरा, नरेश कुमार, राजनाथ सिंह, अनेश्वर राजवाड़े एवं अनुराग तिवारी शामिल रहे।
वन विभाग ने बताया कि जंगलों में अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है। अवैध वनोपज परिवहन एवं कटाई के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।