Skip to main content

BalrampurChhattisgarhRamanujganj

पानी के तेज बहाव के बीच कन्हर एनिकट पार कर रहे लोग, मंडरा रहा हादसे का खतरा।

साप्ताहिक बाजार के दिन बढ़ी आवाजाही, पानी के ऊपर से गुजरते समय फिसलने का खतरा; सुरक्षा व्यवस्था की मांग।

रामानुजगंज/ बलरामपुर…. 

रामानुजगंज के कन्हर नदी पर बने एनिकट के ऊपर से पानी का तेज बहाव होने के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर इसे पार कर रहे हैं। रविवार को रामानुजगंज और झारखंड के गोदरमाना में साप्ताहिक बाजार होने के कारण दोनों क्षेत्रों के बीच बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में एनिकट के ऊपर से बह रहा पानी लोगों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज बहाव के बीच एनिकट पार करते समय कई लोग फिसलते-फिसलते बचे। एनिकट की सतह पर पानी बहने के कारण नीचे मौजूद गड्ढों और फिसलन वाले हिस्सों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद बाजार आने-जाने के लिए लोग इसी रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूर्व में भी एनिकट पार करते समय पैर फिसलने की घटनाएं हो चुकी हैं। बारिश के मौसम में पानी बढ़ने के साथ यहां हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। इसके बावजूद लोगों की आवाजाही रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

*बाजार के दिन सबसे ज्यादा खतरा*

रविवार को रामानुजगंज और गोदरमाना के साप्ताहिक बाजार होने से दोनों ओर से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचते हैं। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल रहते हैं। पानी का बहाव बढ़ने की स्थिति में एनिकट पार करना कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकता है।

*बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग*

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि एनिकट के ऊपर से पानी बहने के दौरान लोगों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही दोनों ओर चेतावनी बोर्ड लगाने और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी अनहोनी को रोका जा सके। लोगों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे में बदल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *