बलरामपुर में एआई आधारित आजीविका केंद्र की पहल, सेवा सेतु शिविरों को लेकर पत्रकार वार्ता।
बलरामपुर
जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में बुधवार को जिला प्रशासन और प्रिज्मा एआई के बीच हुए गैर-वित्तीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) तथा सेवा संकल्प अभियान के तहत 01 से 07 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने पत्रकारों को दोनों महत्वपूर्ण पहलों की विस्तृत जानकारी दी।

*प्रदेश का पहला जिला बना बलरामपुर*
कलेक्टर ने बताया कि स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और शिक्षित ग्रामीण युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित आजीविका से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और प्रिज्मा एआई के बीच एमओयू किया गया है। इसके साथ ही बलरामपुर डेटा लेबलिंग एवं एआई के लिए कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर स्थापित करने वाला प्रदेश का पहला जिला बन गया है।
पायलट चरण में बलरामपुर में 10 सीटों वाला संचालन केंद्र शुरू किया जाएगा। केंद्र में प्रशिक्षक और गुणवत्ता पर्यवेक्षक की व्यवस्था रहेगी। चयनित प्रतिभागियों को एआई साक्षरता, डिजिटल कौशल, डेटा लेबलिंग, इमेज एवं ऑब्जेक्ट टैगिंग, वर्गीकरण, सत्यापन तथा गुणवत्ता समीक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद विशेषज्ञों की निगरानी में वास्तविक परियोजनाओं पर कार्य कराया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि जिले के स्व-सहायता समूहों में बड़ी संख्या में 12वीं उत्तीर्ण और स्नातक महिलाएं हैं, जो स्मार्टफोन एवं कंप्यूटर का उपयोग करने में दक्ष हैं। एआई आधारित यह पहल महिलाओं को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने के साथ स्थानीय स्तर पर नियमित आय के अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
उन्होंने बताया कि केंद्र की तकनीक, संचालन, प्रशिक्षण, प्रतिभागियों के पारिश्रमिक और इंटरनेट कनेक्टिविटी का व्यय प्रिज्मा एआई द्वारा वहन किया जाएगा। वहीं जिला प्रशासन परिसर उपलब्ध कराने, हितग्राहियों के चयन और विभागीय समन्वय में सहयोग करेगा।
*एआई के लिए तैयार किया जाएगा गुणवत्तापूर्ण डेटा*
प्रिज्मा एआई के सीईओ डॉ. श्रीराम अय्यर ने बताया कि एआई प्रणालियों को प्रशिक्षित करने के लिए बड़ी मात्रा में सटीक रूप से चिह्नित डेटा की आवश्यकता होती है। डेटा एनोटेशन के माध्यम से इस डेटा को तैयार किया जाता है। केंद्र में प्रशिक्षित प्रतिभागी चित्रों, वस्तुओं और अन्य डेटा की पहचान, टैगिंग एवं वर्गीकरण का कार्य करेंगे। इससे युवाओं और महिलाओं को तकनीकी क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव के साथ आय का अवसर मिलेगा।
पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, प्रिज्मा एआई के सीओओ अमिताभ राय चौधरी, सीटीओ विनीत कुमार झा सहित पत्रकारगण एवं स्व-सहायता समूहों की दीदियां उपस्थित रहीं।
*01 से 07 अक्टूबर तक लगेंगे सेवा सेतु शिविर*
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी छह विकासखंडों में आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि ये शिविर जनसमस्या निवारण शिविर के रूप में आयोजित किए जाएंगे। ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने के साथ उन्हें पात्रतानुसार विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
शिविरों के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। कलेक्टर ने पत्रकारों से शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील की।
*विभिन्न विकासखंडों में शिविरों का कार्यक्रम*
शंकरगढ़: 01 अक्टूबर को एकलव्य आदर्श विद्यालय खेल मैदान दोहना, 03 को पहाड़ी कोरवा आश्रम के पास बेलकोना, 05 को शासकीय हाई स्कूल मैदान दुर्गापुर तथा 06 अक्टूबर को सावंत सरना डीपाडीहकला में शिविर आयोजित होगा।
राजपुर: 01 अक्टूबर को कोटडिहा, 02 को गोपालपुर, 03 को अलखडीहा, 04 को नगर पंचायत राजपुर, 05 को परसागुड़ी, 06 को बरियो तथा 07 अक्टूबर को खोडरो में शिविर लगाया जाएगा।
वाड्रफनगर: 01 अक्टूबर को रघुनाथनगर, 05 को पंडरी, 06 को प्रेमनगर तथा 07 अक्टूबर को चलगली में शिविर आयोजित होगा।
कुसमी: 01 अक्टूबर को बाजारपारा करौंधा, 03 को हाई स्कूल परिसर चांदो, 04 को हाई स्कूल मैदान सामरी, 05 को ग्राम पंचायत भवन मदगुरी तथा 06 अक्टूबर को ग्राम पंचायत भवन परिसर सबाग में शिविर लगेगा।
बलरामपुर: 01 अक्टूबर को दलधोवा, केरता, कपिलदेवपुर व सरनाडीह; 02 को तातापानी; 03 को नगर पालिका परिषद बलरामपुर व सरनाडीह; 04 को सेमली व भेलवाडीह; 05 को भैंसामुण्डा, महाराजगंज व राधाकृष्णनगर; 06 को रनहत व तारकाखाड़ तथा 07 अक्टूबर को हाई स्कूल डौरा, लिलौटी, पस्ता और कण्डा में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
रामचंद्रपुर: 01 अक्टूबर को सनावल स्थित दुर्गा मंदिर के पास, 02 को आरागाही हाई स्कूल मैदान, 03 को डिंडो हाई स्कूल मैदान, 04 को महावीरगंज हाई स्कूल मैदान, 05 को रामलीला मैदान रामचंद्रपुर, 06 को स्कूल मैदान त्रिकुंडा तथा 07 अक्टूबर को काका लरंग साय सामुदायिक भवन रामानुजगंज में शिविर आयोजित होगा।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी सेवा सेतु शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का निराकरण कराएं और पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ लें।