सेवा संकल्प अभियान: वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में रक्तदान महादान शिविर।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से की अधिक से अधिक सहभागिता की अपील।
बलरामपुर,,,
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनसेवा और जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग वाड्रफनगर द्वारा 1 अक्टूबर, गुरुवार को सुबह 11 बजे सिविल अस्पताल वाड्रफनगर में रक्तदान महादान शिविर आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना है। रक्तदान इस संकल्प की सार्थक अभिव्यक्ति है, क्योंकि किसी जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उसका जीवन बचाया जा सकता है।
कलेक्टर ने युवाओं, सामाजिक संगठनों, शासकीय कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों से स्वयं रक्तदान करने के साथ ही अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है।
कई गंभीर परिस्थितियों में रक्त की जरूरत
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, एनीमिया, थैलेसीमिया, कैंसर और गंभीर शल्य चिकित्सा जैसी परिस्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध होना मरीज के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं होने के कारण इसकी उपलब्धता मानव रक्तदान पर ही निर्भर है।
उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त से अलग किए गए रक्त घटकों का उपयोग एक से अधिक मरीजों के उपचार में किया जा सकता है। रक्तदान एक सुरक्षित प्रक्रिया है और इसमें कुछ ही मिनट का समय लगता है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 18 से 65 वर्ष आयु का स्वस्थ व्यक्ति, जिसका वजन 45 किलोग्राम या अधिक हो तथा हीमोग्लोबिन निर्धारित स्तर पर हो, चिकित्सकीय जांच के बाद रक्तदान कर सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से 1 अक्टूबर को सुबह 11 बजे सिविल अस्पताल वाड्रफनगर पहुंचकर रक्तदान करने तथा सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने में सहभागी बनने की अपील की है।