“सेवा संकल्प अभियान: DFO आलोक बाजपेयी ने आंगनबाड़ी केंद्र को दान किए खिलौने”, बच्चों के चेहरे पर खिली मुस्कान।
बलरामपुर…
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में जनसेवा और सामाजिक सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में बलरामपुर वन मंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र दलधोवा (नवापारा) में खिलौना दान किया गया।
इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चों को खेल-खेल में सीखने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग देना है। खिलौनों के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति और सीखने की रुचि को बढ़ावा देने में मदद मिलती है।

वन मंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी ने आंगनबाड़ी केंद्र का अवलोकन करते हुए बच्चों से संवाद किया और उनकी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के साथ कुछ समय बिताया तथा उन्हें खेल और पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया। खिलौने मिलने से आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में प्रशासनिक अधिकारियों, विभागों और आम नागरिकों की सहभागिता से समाज के विभिन्न वर्गों तक जनसेवा की गतिविधियां पहुंचाई जा रही हैं। इसी कड़ी में आंगनबाड़ी केंद्र में खिलौना दान की पहल बच्चों के लिए उपयोगी साबित होगी।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित संबंधित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के तहत इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों के लिए सकारात्मक एवं आनंददायी वातावरण तैयार करने के साथ ही समाज में सेवा और सहभागिता की भावना को भी बढ़ावा मिल रहा है।